किरंदुल। एनएमडीसी किरंदुल परियोजना में वर्षों तक अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण से योगदान देने वाले वरिष्ठ कर्मचारी एवं मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सदस्य धनपति बघेल और विकास बड़ई के सेवानिवृत्त होने पर यूनियन की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
गांधी भवन स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित समारोह में दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों का आत्मीय स्वागत किया गया। यूनियन के अध्यक्ष, सचिव और पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, पुष्पहार, शॉल, मिष्ठान और स्मृति-चिह्न भेंटकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
समारोह की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप ने की। उन्होंने कहा कि संगठन अपने प्रत्येक साथी के श्रम, संघर्ष और समर्पण का हमेशा सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति नौकरी का अंत नहीं, बल्कि अनुभव, सम्मान और समाज सेवा के नए अध्याय की शुरुआत है। वरिष्ठ कर्मचारियों का अनुभव और कार्यसंस्कृति नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहती है।
यूनियन सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि किसी भी संस्थान की असली ताकत उसके कर्मठ और ईमानदार कर्मचारी होते हैं। उन्होंने धनपति बघेल और विकास बड़ई के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर कार्यशैली के माध्यम से एनएमडीसी किरंदुल परियोजना की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि इंटक यूनियन अपने प्रत्येक सदस्य को परिवार का हिस्सा मानती है और सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती है। उन्होंने दोनों सेवानिवृत्त साथियों के स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष चिन्ना स्वामी, दिलीप सिंह, बी.जी. प्रदीप, लोकनाथ, पी.एल. साहू, विष्णु शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और साथियों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों की ईमानदारी, अनुशासन और आत्मीय व्यवहार को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन यूनियन उपाध्यक्ष सैयद ज़ियाउल हसन ने किया, जबकि कोषाध्यक्ष ओंम कुमार साहू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
समारोह में यूनियन पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, आम सदस्य, ठेका श्रमिक साथी और सुरक्षा प्रहरी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रमिक सम्मान, संगठनात्मक एकजुटता और आत्मीय संबंधों की मिसाल बना। अंत में सभी ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्ज्वल, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।