बेमेतरा में विकास कार्यों की समीक्षा, अरुण साव ने अधिकारियों को दिए बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश

रायपुर |  उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिला मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सेवा, शिद्दत और संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और बेमेतरा को विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू और कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि एक सफल अधिकारी वही होता है, जो पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के साथ लक्ष्य तय कर समय पर उसे पूरा करता है। उन्होंने अधिकारियों को जनसेवक की भावना से काम करने, नियमित आत्ममूल्यांकन करने और कमियों को दूर कर बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।

जल संचय, कृषि और स्वास्थ्य पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं जल संचयन को प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत तैयार योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कर उनके बेहतर संचालन पर जोर दिया। साथ ही बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश

अरुण साव ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, आदिवासी विकास प्राधिकरण सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर फोकस

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच जल संकट और प्रदूषण बड़ी चुनौती बन रहे हैं। उन्होंने वर्षा जल संग्रहण, पुराने तालाबों और नहरों के जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण, पार्क विकास और प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने सभी बच्चों को खेलों से जोड़ने और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

अरुण साव ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समन्वय से विकास को मिलेगी गति

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बेमेतरा कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों में संभावनाओं वाला जिला है। सभी विभाग आपसी समन्वय और समर्पण के साथ काम करेंगे तो जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

बैठक में मंत्री दयाल दास बघेल ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक उत्रिलोक बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *