भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन की पहल तेज, डिप्टी CM शर्मा के पत्र पर रक्षा मंत्रालय ने शुरू की जांच

रायपुर। भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा भेजे गए पत्र पर केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जवाब दिया है। रक्षा मंत्री ने पत्र के माध्यम से बताया कि बस्तर रेजिमेंट के गठन से जुड़े प्रस्ताव की जांच करवाई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 26 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री को पत्र लिखकर भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि बस्तर संभाग के आदिवासी युवा नक्सल विरोधी अभियानों में साहस और वीरता का परिचय दे चुके हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में काम करने का उनका अनुभव और क्षमता सेना के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

श्री शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया था कि बस्तर रेजिमेंट का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो सकती है। इससे बस्तर क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र सेवा का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में गौरव, अनुशासन तथा आर्थिक प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।

रक्षा मंत्री ने दिया जांच का आश्वासन

केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने अपने जवाब में लिखा कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की स्थापना से संबंधित पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस विषय की जांच करवाई जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने जताई सकारात्मक प्रतिक्रिया

मामले पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बस्तर रेजिमेंट की मांग को लेकर रक्षा मंत्री को पत्र भेजा गया था, जिसका जवाब प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पहल बस्तर के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और राष्ट्र सेवा के नए अवसर उपलब्ध करा सकती है।

बस्तर रेजिमेंट की मांग को लेकर अब रक्षा मंत्रालय की जांच प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *