रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अभियान के तहत प्रदेश के करीब 3 हजार स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर देशभर में आयोजित होने वाले इस अभियान को लेकर छत्तीसगढ़ में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश स्तर पर अभियान के संचालन के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसका संयोजक यशवंत जैन को बनाया गया है। इसके साथ ही जिला स्तर पर भी समितियां गठित की जा रही हैं।
अभियान के तहत 10 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तिरंगा यात्रा में प्रदेश के मंत्री, विधायक, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
476 मंडलों पर रहेगा विशेष फोकस
भाजपा ने प्रदेश के 476 मंडलों में विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रत्येक मंडल में प्रमुख तिरंगा यात्रा के साथ अन्य स्थानों पर भी राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश और जिला स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सभी जिलों में 31 जुलाई तक बैठकें पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा सके।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्राओं में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। भाजपा का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से हर घर तक तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को पहुंचाना है।