धमतरी की नई पुलिस कप्तान बनीं IPS भावना पांडेय, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पर रहेगा फोकस

धमतरी |  भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी IPS भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपा और जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

पदभार ग्रहण समारोह में जिले के राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भरोसा जताया।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की पहली प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना होगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना, जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना तथा संवेदनशील पुलिसिंग को मजबूत करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है और इसे बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों से लंबित प्रकरणों, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, रिकॉर्ड के व्यवस्थित संधारण और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।

उन्होंने आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ समाधान करने पर जोर दिया। साथ ही जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की बात कही।

एसपी भावना पांडेय ने कहा कि टीमवर्क, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए धमतरी जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *