मैड्रिड | स्पेन के दक्षिणी प्रांत अल्मेरिया के जंगलों में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी है। इस विनाशकारी जंगल की आग में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में 8 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है।
आग ने विदेशी नागरिकों की एक बड़ी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन के अनुसार, जंगल की आग अब तक 3,200 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को जला चुकी है। कई लोगों के शव जली हुई गाड़ियों के अंदर मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि आग से बचने की कोशिश के दौरान वे इसकी चपेट में आ गए।
बचाव अभियान तेज, सैकड़ों जवान तैनात
आग पर काबू पाने के लिए करीब 150 दमकलकर्मी और स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट के 220 जवान लगातार अभियान चला रहे हैं। हालांकि, तेज हवाओं, सूखी जमीन और झाड़ियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में जारी भीषण गर्मी और सूखे की स्थिति ने आग को और विकराल बना दिया है। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कई विदेशी नागरिक प्रभावित
अल्मेरिया का यह क्षेत्र ब्रिटेन, फ्रांस और बेल्जियम समेत कई देशों के पर्यटकों और विदेशी नागरिकों के बीच लोकप्रिय है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कुछ विदेशी नागरिकों के शामिल होने की आशंका है। चार मृतकों के ब्रिटिश नागरिक होने की संभावना जताई गई है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना को बेहद दुखद और विनाशकारी बताया।
प्रशासन अब मृतकों की पहचान और लापता लोगों की तलाश में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।