डिस्पोजल-पानी पाउच की उधारी को लेकर बवाल, भाजयुमो जिला मंत्री पर केस

बालोद। सिटी कोतवाली बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर स्थित शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान परिसर में संचालित चखना (आहता) दुकान में उधारी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक के साथ कथित रूप से मारपीट कर दी गई। बालोद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भाजयुमो जिला मंत्री सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज एफआईआर अनुसार गुण्डरदेही निवासी अमन गुप्ता स्व. कपिलदेव गुप्ता (56) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह करहीभदर स्थित शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान परिसर में आबकारी विभाग से लाइसेंस प्राप्त आहता (चखना) दुकान का संचालन कर रहा है। यह लाइसेंस गुण्डरदेही निवासी देवेन्द्र महोबिया के नाम से अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक के लिए जारी है। दुकान के संचालन में अमन गुप्ता के साथ कन्नेवाड़ा निवासी जितेन्द्र सोरी एवं करहीभदर निवासी राजू कुमार कार्यरत हैं।

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई रिकॉर्ड-
शिकायत और दर्ज एफ़आईआर अनुसार 9 जुलाई की शाम करीब 4 बजे करहीभदर निवासी मुकेश सेन दुकान पर डिस्पोजल और पानी पाउच लेने पहुंचे। उधारी में सामान देने से इनकार करने पर मुकेश सेन ने अपने परिचितों धनंजय साहू (भाजपा युवा मोर्चा जिला मंत्री) और प्रदीप सतनामी को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने दुकान पहुंचकर पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार भाजयुमो जिला मंत्री धनंजय साहू ने पास में रखे जलाऊ लकड़ी के डंडे से उसके दोनों हाथ, चेहरे और बाएं पैर की जांघ पर हमला किया, जबकि मुकेश सेन और प्रदीप सतनामी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर साथ में काम कर रहे कर्मचारियों ने उसे बचाया। पीड़ित ने बताया कि घटना में उसे शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी शराब दुकान के आसपास ही घूमते रहे, जिससे वह भय के कारण दुकान से बाहर नहीं निकल सका। अगले दिन 10 जुलाई को उसने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *