मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टला, एक ही रनवे पर आमने-सामने आए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और पायलटों की सूझबूझ से संभावित टक्कर टल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX 1547, जो सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंची थी, लैंडिंग के बाद रनवे पूरी तरह खाली नहीं कर पाई थी। इसी दौरान मुंबई से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 816 उसी रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी।

स्थिति गंभीर होती देख एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत हस्तक्षेप किया और एयर इंडिया के विमान का टेकऑफ रोकने के निर्देश दिए। समय रहते मिली चेतावनी के बाद विमान को सुरक्षित रूप से रनवे से हटाकर बे में ले जाया गया, जिससे संभावित हादसा टल गया।

घटना के बाद एयरलाइन ने बताया कि मामले की जांच स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत की जाएगी। साथ ही प्रभावित यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *