नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ‘मिशन 70 लाख पौधारोपण’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में अमित शाह ने पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार पर यमुना प्रदूषण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले शासन के दौरान प्रतिदिन करीब 1500 मीट्रिक टन गोबर यमुना नदी में पहुंचता था, जिससे नदी का प्रदूषण बढ़ा।
अमित शाह ने कहा कि अब दिल्ली सरकार और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) मिलकर गोबर के वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि गोबर से बायोगैस और प्राकृतिक खाद तैयार की जाएगी, जिससे यमुना में गोबर जाने की समस्या को खत्म किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खाद के उत्पादन को भी बढ़ावा देगी। शाह ने आरोप लगाया कि यमुना में हर दिन इतनी बड़ी मात्रा में गोबर पहुंचना पिछली सरकार की बड़ी लापरवाही थी और अब इसे पूरी तरह बदलने का काम किया जा रहा है।
यमुना सफाई के लिए STP पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यमुना की सफाई के लिए दिल्ली सरकार कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 129 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) शुरू किए गए हैं, जबकि आने वाले समय में और नए एसटीपी स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह है कि यमुना में गंदा पानी न जाए और केवल निर्धारित मानकों के अनुसार शुद्ध किया हुआ पानी ही छोड़ा जाए।
दिल्ली रिज बनेगा ‘ग्रीन लंग्स’
अमित शाह ने कहा कि अगले तीन वर्षों में दिल्ली रिज क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और इसे राष्ट्रीय राजधानी का ‘ग्रीन लंग्स’ बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रिज क्षेत्र में पंचवटी वन, नक्षत्र वन, बेल वन, ऋतु वन, ऋषि वन, तीर्थंकर वन और अन्य थीम आधारित वन विकसित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य जैव विविधता को बढ़ावा देना और लोगों को प्रकृति से जोड़ना है।
शाह ने कहा कि दिल्ली रिज क्षेत्र में विदेशी प्रजाति विलायती बबूल (Prosopis juliflora) को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उसकी जगह देशी प्रजातियों के पेड़ लगाए जाएंगे।
देशी पेड़ों से बढ़ेगी हरियाली
गृह मंत्री ने कहा कि रिज क्षेत्र में पीपल, बरगद, नीम, अर्जुन और जामुन जैसे देशी वृक्ष लगाए जाएंगे। इससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली रिज क्षेत्र को कानूनी संरक्षण देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि जैव विविधता, जल स्रोतों और पर्यावरणीय संतुलन को सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने नरेला में उच्च सुरक्षा वाली नई जेल का शिलान्यास, स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र का लोकार्पण और तीन नए डिपो का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई।