PM मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर CM विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर |  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और विश्व मंच पर मजबूत होती भूमिका का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, प्रभावी कूटनीति और वैश्विक दृष्टिकोण के कारण भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है और मित्र देशों के साथ उसके संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। उनकी विदेश नीति और कूटनीतिक पहल के कारण भारत की साख निरंतर बढ़ रही है, जिसका परिणाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाले ऐसे सम्मानों के रूप में सामने आ रहा है।

विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले समय में विश्व समुदाय में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ वैश्विक शांति, सहयोग और साझा समृद्धि के लिए निरंतर योगदान देता रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *