दीदी के गोठ’ ने पूरे किए सफलता के एक साल, CM विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर । पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ ने अपनी एक वर्ष की सफल यात्रा पूरी कर ली है। इस अवसर पर ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026’ सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का आयोजन 9 जुलाई को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा करेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।

इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक कहानियों, उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आजीविका के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को मंच प्रदान करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना है। विभाग के अनुसार, पिछले एक वर्ष में ‘दीदी के गोठ’ ने महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गौरतलब है कि ‘दीदी के गोठ’ का पहला एपिसोड अगस्त 2025 में ‘लखपति दीदी’ विषय पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाओं ने ड्रोन दीदी, किसान उत्पादक संगठन (FPC), जेंडर समानता, वित्तीय जागरूकता, साइबर सुरक्षा, सरस मेला और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कीं।

वार्षिकोत्सव के दौरान कार्यक्रम की एक वर्ष की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। साथ ही ‘दीदी के गोठ’ में भाग लेने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा और मिशन की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) ने सभी नागरिकों, स्व-सहायता समूहों, हितधारकों तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *