मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और झारखंड के वित्त मंत्री की अहम बैठक, सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और झारखंड के आपसी संबंधों, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड केवल भौगोलिक रूप से पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों राज्यों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की भी मजबूत परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जशपुर क्षेत्र का झारखंड से वर्षों पुराना आत्मीय जुड़ाव दोनों राज्यों के लोगों के बीच विश्वास और निकटता को लगातार मजबूत करता रहा है।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने सहयोग बढ़ाने और विकास के साझा मॉडल पर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग से विकास के नए अवसर सृजित होंगे तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बैठक को दोनों राज्यों के बीच सहयोगात्मक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *