रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के तहत पांच जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) का तबादला किया गया है। साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक रेमिजियुस एक्का को राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2011 बैच के IAS अधिकारी रेमिजियुस एक्का अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ SUDA के CEO का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
इन अधिकारियों के हुए तबादले
- गजेन्द्र सिंह ठाकुर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी के पद से स्थानांतरित कर उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग बनाया गया है।
- प्रतीक जैन को जिला पंचायत बस्तर से स्थानांतरित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा नियुक्त किया गया है।
- सुरुचि सिंह को जिला पंचायत राजनांदगांव से आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई के पद पर पदस्थ किया गया है।
- जयंत नाहटा को जिला पंचायत दंतेवाड़ा से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी बनाया गया है।
- एम. भार्गव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डोंगरगढ़ को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दंतेवाड़ा नियुक्त किया गया है।
- तनय खत्रा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बस्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत राजनांदगांव नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल जिला पंचायतों और नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।