ड्रीम मेकर्स ग्लोबल पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 2 राज्यों में 8 ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली। मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और कथित पोंजी स्कीम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (प्रवर्तन निदेशालय (ED)) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने ड्रीम मेकर्स ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड (DMGPL) और उससे जुड़े लोगों के खिलाफ दो राज्यों में 8 ठिकानों पर छापेमारी की है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई तमिलनाडु और केरल के कोयंबटूर, कृष्णागिरी, मलप्पुरम और त्रिशूर जिलों में की गई। जांच की शुरुआत तमिलनाडु पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर हुई थी।

जांच में सामने आया है कि कंपनी ने सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट और निवेश योजनाओं के नाम पर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये जुटाए और 150 दिनों में रकम दोगुनी करने जैसे आकर्षक वादे किए। शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को रिटर्न देकर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया, जिससे कई निवेशकों को भारी नुकसान हुआ।

ईडी के अनुसार, कंपनी के तत्कालीन प्रबंध निदेशक एस. सतीश कुमार (अब दिवंगत), निदेशक गुनावथी और मैनेजर मुगुंथन नायर सहित अन्य लोगों ने मिलकर सैकड़ों करोड़ रुपये की राशि जुटाई।

छापेमारी के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड, डायरी और संपत्तियों से जुड़े कागजात जब्त किए हैं। इसके अलावा बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेशों की भी जांच की जा रही है।

ईडी ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *