रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग के तत्वावधान में सहकारिता, स्वास्थ्य और समृद्धि का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में ‘सहकार संकल्प दौड़’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से होगी शुरुआत
सहकार संकल्प दौड़ का शुभारंभ शुक्रवार, 3 जुलाई को सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) से होगा। दौड़ में प्रदेशभर से नागरिक, युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य, स्वयंसेवी संगठन तथा विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
सहकारिता और स्वस्थ जीवन का संदेश
यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सहकारिता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता का अभियान है। इसके माध्यम से समाज में सहयोग, एकता और सामूहिक विकास की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
जनभागीदारी की अपील
सहकारिता विभाग ने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि जनभागीदारी से ही सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी और समृद्ध एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा।