नई दिल्ली | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 की सप्लीमेंट्री (कंपार्टमेंट) परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने संबंधित स्कूलों को पात्र छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) ऑनलाइन जमा करने के निर्देश जारी किए हैं। इस बार परीक्षा की तारीख में बदलाव करते हुए इसे 15 जुलाई के बजाय 28 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। छात्र 8 जुलाई 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
CBSE के निर्देशों के अनुसार, सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए आवेदन केवल स्कूलों के माध्यम से ही किया जाएगा। सभी संबद्ध स्कूलों को आधिकारिक ‘परीक्षा संगम’ (Pariksha Sangam) पोर्टल पर पात्र छात्रों का विवरण ऑनलाइन जमा करना होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों का परिणाम कंपार्टमेंट आया है, उनका नाम हर स्थिति में LOC में शामिल किया जाना चाहिए, भले ही स्कूल उनसे संपर्क स्थापित न कर पाए हों।
CBSE ने यह भी साफ किया है कि नियमित (Regular) छात्र सीधे सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर सकते। उन्हें उसी स्कूल के माध्यम से आवेदन करना होगा, जहां से उन्होंने कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 दी थी।
इसके अलावा, बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि किसी पात्र छात्र का नाम निर्धारित समय के भीतर LOC में शामिल नहीं किया जाता है, तो उसे बाद में परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे में सभी स्कूलों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा की तारीख में बदलाव के बाद कई छात्र असमंजस में हैं, हालांकि बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया समय पर पूरी करने और स्कूलों से लगातार संपर्क बनाए रखने की सलाह दी है।