साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौती, इनसे बचें : राजीव रंजन

तिल्दा-नेवरा। इक्कीसवीं सदी के तीसरे दशक में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और पढ़े-लिखे लोग भी इनके शिकार बन रहे हैं। इसलिए सभी को सतर्क रहकर साइबर अपराधियों से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। यह बात भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, तिल्दा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील शाखा तिल्दा की कर्मचारी भवन में आयोजित मासिक बैठक को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए प्रतिदिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाता या एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश से सावधान रहें।

बैठक में छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भागीरथी पांसे ने सेवानिवृत्ति के बाद संघ के अध्यक्ष पद का कार्यभार शिवप्रसाद बर्मन को सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया।

संघ के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि समसामयिक कारणों से पिछले तीन माह से बैठक आयोजित नहीं हो सकी थी। इसलिए इस बैठक में अप्रैल, मई और जून माह में जन्मदिन वाले 17 साथियों का सामूहिक जन्मदिन मनाकर उन्हें गुलाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाई गई।

संघ के अध्यक्ष रामावतार पांडेय ने कहा कि पेंशनरों को उनके अधिकारों की लड़ाई में हाईकोर्ट से सफलता मिली है और अब उन्हें महंगाई भत्ते का लंबित एरियर शीघ्र मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में साहित्यकार एवं कवि गोपाल प्रसाद वर्मा ने अपने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का मनोरंजन किया। साथ ही उपस्थित सदस्यों को समय पर आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

बैठक को जवाहरलाल सिरमौर, बीरबल धुरंधर सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत साथी कलीराम वर्मा एवं इंदल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *