रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दाराखरिका के आश्रित ग्राम बोड़ालाता में लंबे समय से बाधित बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर जानकारी दी थी कि गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। बिजली नहीं होने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, क्षेत्र हाथी प्रभावित होने के कारण अंधेरे में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग ने तेजी से कदम उठाते हुए खराब ट्रांसफार्मर को बदल दिया और गांव में बिजली आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गई।
बिजली बहाल होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कैंप कार्यालय की पहल से उनकी समस्या का जल्द समाधान हो सका।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल रही है।