रायपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत जशपुर जिले के जनपद पंचायत मनोरा में बैंक लिंकेज एवं मुद्रा लिंकेज मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को स्वरोजगार बढ़ाने के लिए 2 करोड़ 43 लाख 90 हजार रुपए से अधिक की ऋण सहायता स्वीकृत की गई।
कार्यक्रम में विकासखंड के विभिन्न बैंकों द्वारा 64 मुद्रा ऋण प्रकरणों में 56 लाख 40 हजार रुपए और 75 स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 1 करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपए के ऋण की स्वीकृति एवं वितरण किया गया।
इस मेले में करीब 200 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता विकास और वित्तीय समावेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। आयोजन का उद्देश्य महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री रंजीत भगत, श्री अमीन खान, श्री राकेश तिवारी, श्री रघुनाथ राम, जनपद पंचायत मनोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रवि बघेल, श्री बिन्सेंट तिर्की सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और नए आजीविका अवसरों से जुड़ने में मदद मिलेगी।