CM साय ने JP नड्डा से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दों पर हुई बड़ी चर्चा

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना, औषधि और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज अपने राज्य में ही मिल सके।

बैठक में कृषि और उर्वरक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कालाबाजारी, जमाखोरी या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की लागत कम होगी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *