ढाका में हिंदुओं का शक्ति प्रदर्शन, ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंजा शहर; 72 घंटे में गिरफ्तारी की मांग

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हिंदू समुदाय और कई संगठनों ने भगवान राम की तस्वीर के कथित अपमान और रंगपुर में प्रस्तावित 81 फीट ऊंची राम प्रतिमा के निर्माण पर रोक के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की गिरफ्तारी और प्रतिमा निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल लेकर मार्च निकाला और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

मामला उत्तरी गाइबांधा जिले के पलाशबाड़ी इलाके से जुड़ा है, जहां भगवान राम की विशाल प्रतिमा बनाने की योजना थी। आरोप है कि कुछ कट्टरपंथी समूहों के विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। इसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाल ही में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान भगवान राम की तस्वीर का अपमान किया गया। इसे लेकर उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और प्रतिमा निर्माण की अनुमति नहीं दी गई, तो वे देशभर में आंदोलन तेज करेंगे। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यक अधिकारों की सुरक्षा की मांग भी उठाई।

ढाका में हुए इस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस घटना ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *