PM Kisan Yojana: किसानों के खाते में आज आएगी 23वीं किस्त, PM मोदी जारी करेंगे 18,880 करोड़ रुपये

नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20 जून को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi) की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि सीधे DBT के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में करीब 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी 2-2 हजार रुपये के रूप में किसानों के खाते में भेजी जाती है।

सरकार के मुताबिक, अब तक पीएम किसान योजना के तहत 22 किस्तों में किसानों को करीब 4.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

पश्चिम बंगाल के किसानों को भी मिलेगा फायदा

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के 44.42 लाख से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में करीब 885 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी। मानसून और खेती के सीजन को देखते हुए यह राशि किसानों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

किसान इस किस्त का स्टेटस घर बैठे पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें Beneficiary List में अपना नाम देखना होगा।

पीएम मोदी का बंगाल दौरा

पीएम मोदी आज पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे। कोलकाता से करीब 62 किलोमीटर दूर हुगली जिले के तारकेश्वर में उनका कार्यक्रम होगा। यहां प्रधानमंत्री ‘पश्चिम बंग दिवस’ समारोह में शामिल होंगे और कई केंद्रीय योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *