नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में कुख्यात कच्छा-बनियान गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गैंग ने एक सोसाइटी में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये की नकदी, सोने-चांदी और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना पिछले 47 दिनों में इसी तरह की दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे इलाके में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बदमाश देर रात सोसाइटी में घुसे और सबसे पहले उन कमरों को बाहर से बंद कर दिया जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और नकदी व कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार को घटना का पता चला जब सभी कमरे बाहर से बंद मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने BNS की धारा 305 और 331(4) के तहत केस दर्ज किया है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिन में कॉलोनियों में रेकी करता है और खिलौने या गुब्बारे बेचने के बहाने घरों की जानकारी जुटाता है। इसके बाद रात में सुनसान जगहों पर छिपकर तड़के चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
पुलिस को सोसाइटी के CCTV फुटेज में 4–5 संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जो केवल कच्छा-बनियान पहने नजर आ रहे हैं। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात उसी कुख्यात गिरोह द्वारा की गई है।
लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और पिछले मामलों से कड़ी जोड़कर जांच कर रही है।