रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। 21 जून को उनके प्रस्तावित प्रवास से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है और दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।” उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी तंज कसा।
वहीं इस बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा “मेंटली डिस्टर्ब” हो चुके हैं और यहां तक कहा कि उन्हें इलाज की जरूरत है। उपाध्याय ने भाजपा विधायक पर अपना कद बढ़ाने के लिए विवादित बयान देने का आरोप लगाया।
इस बीच कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं। पार्टी का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और प्रशिक्षण शिविर में करीब साढ़े पांच घंटे तक मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसे कांग्रेस संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है।