स्टैनफोर्ड दीक्षांत समारोह में सुंदर पिचाई को हूटिंग, भाषण के दौरान छात्रों का विरोध प्रदर्शन

कैलिफोर्निया। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा जब कुछ छात्रों ने उनके भाषण के दौरान हूटिंग की और कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही पिचाई मंच पर आए और उनका परिचय कराया गया, कुछ छात्रों ने फिलिस्तीन के समर्थन में झंडे लहराए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई छात्रों ने सीटियां बजाईं और विरोध दर्ज कराते हुए हॉल से बाहर चले गए।

बताया जा रहा है कि यह विरोध प्रदर्शन ‘स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस इन पैलेस्टाइन’ और ‘नो टेक फॉर अपार्थाइड’ जैसे संगठनों से जुड़े छात्रों द्वारा किया गया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि गूगल की कुछ तकनीकी साझेदारियां विवादित सैन्य और सुरक्षा परियोजनाओं से जुड़ी हैं।

इस दौरान कुछ छात्र पारंपरिक फिलिस्तीनी स्कार्फ ‘केफिया’ पहनकर भी पहुंचे और कार्यक्रम स्थल पर विरोध जताया। वहीं, दीक्षांत समारोह के बाद कई छात्रों ने एक अलग वैकल्पिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें छात्रों की हूटिंग और विरोध प्रदर्शन साफ देखा जा सकता है।

हालांकि विरोध के बीच सुंदर पिचाई ने अपना भाषण जारी रखा और हल्के अंदाज में अपने अनुभव साझा किए। इस पूरे मामले ने टेक कंपनियों और विश्वविद्यालयों में चल रही नीतियों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *