जगदलपुर। देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG री-एग्जाम 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सोमवार को वायुसेना के विशेष विमान से प्रश्नपत्रों की खेप पहुंचाई गई।
सूत्रों के अनुसार, सीलबंद बक्सों में रखे प्रश्नपत्रों को विमान से उतारते ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीधे स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया। पूरी प्रक्रिया में गोपनीयता और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया ताकि किसी भी तरह की चूक की संभावना न रहे।
प्रशासन ने बताया कि पिछले वर्षों में सामने आए पेपर लीक मामलों को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। हर चरण पर निगरानी रखी जा रही है।
इधर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि डाउनलोड से पहले अपने बैंक खाते के विवरण को भी सत्यापित कर लें, ताकि आवश्यक प्रक्रियाएं सुचारू रूप से पूरी हो सकें।