नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि चुनाव की तारीखों की घोषणा जल्द की जा सकती है, जिससे निगम के अंदर लंबे समय से रुकी प्रक्रिया फिर से शुरू हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली नगर निगम की ओर से इन चुनावों को लेकर इस सप्ताह बड़ा फैसला सामने आ सकता है। इससे पहले दो बार चुनाव की तिथियों में बदलाव किया जा चुका है और बाद में प्रक्रिया को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि अधिमास समाप्त होने के बाद 15 जून के बाद चुनाव कराए जाने पर विचार किया जा सकता है। एमसीडी में प्रावधान है कि हर वर्ष वार्ड कमेटियों के साथ-साथ स्थायी समिति के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन का भी चुनाव होना चाहिए, लेकिन वर्ष 2023 से यह प्रक्रिया लंबित है।
इस देरी के कारण न केवल प्रशासनिक असमंजस की स्थिति बनी हुई है, बल्कि कई विकास कार्य भी प्रभावित बताए जा रहे हैं। वहीं 2024 में अलग व्यवस्था के तहत जोनल स्तर पर पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति कर चुनाव कराए गए थे।
अब एक बार फिर संभावित घोषणा को लेकर पार्षदों में उत्सुकता बढ़ गई है। कई पार्षदों को उम्मीद है कि इस बार उन्हें वार्ड कमेटियों में महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी मिल सकती है।