दिल्ली के यात्रियों को राहत: तीन नए बस रूट से जुड़ेंगे कई रिहायशी इलाके

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने तीन नए बस रूट शुरू किए हैं। इन नई सेवाओं से तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों में रहने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

DTC की इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्रों से मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख स्थानों तक आसान कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि नए रूटों की शुरुआत यात्रियों की जरूरतों और इलाकों में बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए की गई है।

रूट 806A से पापरावत से द्वारका मोड़ तक सीधी सेवा

DTC ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत रूट 806A शुरू किया है। यह बस सेवा पापरावत गांव को द्वारका मोड़ से जोड़ेगी। इससे पापरावत, नांगली सकरावती, कांकरोला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

D-6606 रूट से बक्करवाला और उत्तम नगर जुड़ेंगे

नया D-6606 बस रूट उत्तम नगर टर्मिनल को डीडीए फ्लैट्स बक्करवाला से जोड़ेगा। इस रूट से बक्करवाला, काकरौला, मटियाला और द्वारका के कई सेक्टरों में रहने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

RL-79 रूट का हुआ विस्तार

DTC ने मौजूदा RL-79 रूट का भी विस्तार किया है। अब यह रूट नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को द्वारका के सेक्टर-23B और आसपास के इलाकों से जोड़ेगा। इससे यात्रियों को मेट्रो, रेलवे स्टेशन और रोजगार केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी।

सरकार का कहना है कि इन नई बस सेवाओं से फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और निजी वाहनों पर निर्भरता भी घटेगी। दिल्ली की बस कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *