नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के डाबरी इलाके में रविवार रात एक किडनी अस्पताल में आग लगने से हड़कंप मच गया। विजय एन्क्लेव स्थित अस्पताल में आग लगने के बाद मरीजों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि आग अस्पताल के मुख्य गेट के पास लगे बिजली के मीटर और ग्राउंड फ्लोर के इलेक्ट्रिक जंक्शन बॉक्स में लगी थी। आग फैलने की आशंका से मरीज घबरा गए और बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन गेट बंद होने के कारण परेशानी बढ़ गई।
मरीजों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बंद गेट का ताला तोड़ा और अस्पताल के अंदर फंसे मरीजों व उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की 3 वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 10:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग केवल इलेक्ट्रिक जंक्शन बॉक्स तक सीमित रही, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
पुलिस और दमकल विभाग ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर की गई मदद की सराहना की जा रही है।