धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से खाद्य सुरक्षा को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बच्ची ने फ्रूटी पीने के दौरान उसमें फंगस जैसी संदिग्ध चीज देखी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने एहतियात के तौर पर बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामला मगरलोड क्षेत्र के करेलीबड़ी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बच्ची ने स्थानीय जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह जूस पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैकेट के अंदर तैर रही संदिग्ध चीज पर पड़ी। इसे देखकर परिवार के लोग घबरा गए।
इसके बाद बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और संबंधित जनरल स्टोर पहुंचकर जांच की। अधिकारियों ने फ्रूटी के बैच से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह उत्पाद किस डीलर या सप्लायर के माध्यम से दुकान तक पहुंचा।
खाद्य विभाग का कहना है कि सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रिटेलर की भी जांच की जा रही है, ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। मामले के सामने आने के बाद बाजार में बिक रहे पैक्ड खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।