22 पन्नों के सुसाइड नोट ने खोला राज, सोलापुर में परिवार की मौत से मचा हड़कंप

सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बार्शी तहसील के हत्तीस गांव में एक ही घर से चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक प्रधानाध्यापक, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शेयर बाजार में हुए भारी आर्थिक नुकसान के बाद प्रधानाध्यापक ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान योगेश बालासाहेब पाटील (40), उनकी पत्नी माधुरी योगेश पाटील (37) और उनके दो बच्चों अथर्व (11) और शिवांश (9) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि योगेश पाटील शेयर बाजार में निवेश करते थे और उन्हें करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इसी आर्थिक दबाव को घटना की वजह माना जा रहा है।

मामला तब सामने आया जब शुक्रवार सुबह दूध देने वाला व्यक्ति रोज की तरह घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई। लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो परिवार के चारों सदस्य मृत मिले।

सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक कुंदन गावडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस को मौके से 22 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अब सुसाइड नोट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *