अहमदाबाद। सोने की तस्करी के एक हैरान करने वाले मामले का खुलासा अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हुआ है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने एक विमान के टॉयलेट स्पीकर बॉक्स से करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-1478 दुबई से अहमदाबाद पहुंची थी। खुफिया सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने विमान की जांच शुरू की। इस दौरान टीम ने विमान के टॉयलेट की बारीकी से तलाशी ली।
जांच में टॉयलेट के अंदर लगे स्पीकर बॉक्स का वजन संदिग्ध लगा। जब स्पीकर को खोलकर देखा गया तो उसमें ब्लैक टेप से लिपटे हुए दो पाउच मिले।
पाउच खोलने पर उसमें 24 कैरेट (999.0 शुद्धता) के 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट बरामद हुए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन करीब 2.799 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है।
DRI अधिकारियों ने सोने को जब्त कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे विमान में किसने और किस उद्देश्य से छिपाया था।
एजेंसियां अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं। इससे पहले भी कई मामलों में तस्करों द्वारा विमान के टॉयलेट, सीट और अन्य छिपे हुए हिस्सों का इस्तेमाल सोना छिपाने के लिए किया जाता रहा है।