डिप्टी CM अरुण साव के निर्देश पर ठेकेदार को नोटिस, ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर विभाग सख्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी गति पर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।

यह कार्रवाई बस्तर प्रवास के दौरान 6 जून को उप मुख्यमंत्री द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद हुई, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल–विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन ओवरब्रिज का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई थी।

लगभग 69.36 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस रेलवे ओवरब्रिज परियोजना में कार्य की गति तय समय-सीमा से पीछे पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ने निर्माण एजेंसी को जारी नोटिस में कहा है कि साइट उपलब्ध होने के बावजूद मैनपावर, मशीनरी और सामग्री की कमी के कारण कार्य की प्रगति प्रभावित हुई है।

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि बार-बार निर्देश और चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, जिससे परियोजना निर्धारित समयसीमा से काफी पीछे चल रही है।

उप मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विभाग ने ठेकेदार को तुरंत संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और तय लक्ष्यों के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आगे भी लापरवाही जारी रहने पर अनुबंध के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *