आधी रात SSP ने खुद बनकर किया डायल-112 पर कॉल, औचक निरीक्षण में 22 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस टीम

मुंगेली। जिले में आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली को परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने गुरुवार देर रात एक अनोखा औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं आम नागरिक बनकर डायल-112 पर कॉल किया और सड़क दुर्घटना की सूचना देकर पूरे रिस्पांस सिस्टम की वास्तविक परीक्षा ली।

रात करीब 11:38 बजे एसएसपी ने ग्राम कोदवाबानी से डायल-112 पर कॉल कर सड़क दुर्घटना और मौके पर भीड़ जमा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और मात्र तीन मिनट के भीतर रिस्पांस कॉल कर टीम ने 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंचने का समय बताया।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डायल-112 वाहन रात 11:44 बजे रवाना हुआ और करीब 22 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गया। मौके पर पहुंचने के बाद टीम को यह जानकर आश्चर्य हुआ कि कॉल करने वाला कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि स्वयं जिले के पुलिस प्रमुख हैं।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने डायल-112 वाहन में बैठकर पूरी कार्यप्रणाली, स्क्रीन पर दर्ज हो रही जानकारी और रिस्पांस सिस्टम की बारीकियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आरक्षक सुनील खाण्डे सहित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इसके बाद रात लगभग 1:10 बजे बस स्टैंड मुंगेली में एक अन्य दुर्घटना की सूचना पर भी डायल-112 की तत्परता को परखा गया। एसएसपी स्वयं वाहन में सवार होकर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा की प्रतिक्रिया और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। वहीं डायल-112 वाहन चालक के निर्धारित यूनिफॉर्म में न होने पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि डायल-112 सेवा आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए है, इसलिए हर आपात स्थिति में तेज, संवेदनशील और प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ सौम्य व्यवहार रखते हुए विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया।

मुंगेली पुलिस का कहना है कि ऐसी औचक जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही लगातार बेहतर बनाई जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *