रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। राज्य की युवा क्रिकेटर महक नरवासे का भारतीय अंडर-19 महिला टी-20 और वनडे टीम में चयन हो गया है। खास बात यह है कि उन्हें टीम की उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
राजनांदगांव की रहने वाली महक लंबे समय से छत्तीसगढ़ क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं। वह राज्य की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के चलते उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
फिलहाल महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जहां वह देशभर की शीर्ष युवा खिलाड़ियों के साथ अपने खेल को और निखार रही हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला की शुरुआत 22 जून से होगी, जिसके बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। इसी दौरे में महक उपकप्तान के रूप में टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उनके चयन पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
महक नरवासे की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है और उन्हें युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।