रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने “ऑपरेशन लोटस” को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कोई ऑपरेशन नहीं चलता, जो जैसा करता है उसे उसका परिणाम मिलता है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रायपुर में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं और यही संदेश लेकर वे जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए नक्सलवाद पर नियंत्रण को भी बड़ी उपलब्धि बताया।
“ऑपरेशन लोटस नाकाम हो रहा है” जैसे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि कौन क्या कह रहा है, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने दोहराया कि भाजपा का कोई ऑपरेशन नहीं चलता और जो जैसा आचरण करता है उसे वैसा ही परिणाम मिलता है।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट द्वारा कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज किए जाने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।
केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान वे रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।