मारपीट और पैसे लेने का आरोप लगाकर युवक पानी टंकी पर चढ़ा, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

कोरबा। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और जबरन पैसे लेने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का आरोप है कि उसे और एक अन्य व्यक्ति को ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। साथ ही 23 हजार 500 रुपये जबरन लेने का भी आरोप लगाया गया।

इन्हीं आरोपों को लेकर नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए इंसाफ की मांग करता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

वहीं हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने युवक के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवकों के खिलाफ क्षेत्र में जुआ गतिविधियों से जुड़े होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी। उन्होंने मारपीट और पैसे लेने के आरोपों से इनकार किया है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जा रही है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारी युवक और उसके परिजनों से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *