सुशासन तिहार में मिली फटकार, अब बदले गए MCB के जिला शिक्षा अधिकारी

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार को लेकर बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और प्राचार्यों के प्रभार में बदलाव करते हुए तबादला आदेश जारी किया है। इस आदेश में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के डीईओ आरपी मिरे को हटा दिया गया है।

बताया जा रहा है कि हाल ही में घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में MCB जिले के खराब प्रदर्शन के बाद शासन स्तर पर नाराजगी सामने आई थी। शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।

वहीं, सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिरमिरी में समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई थी। इस दौरान तत्कालीन डीईओ आरपी मिरे को लापरवाही को लेकर फटकार लगाई गई थी।

अब जारी तबादला आदेश में आरपी मिरे को पद से हटाकर लोक शिक्षण संचालनालय के विकल्प पर रखा गया है। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव को MCB जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नए प्रभारी डीईओ के सामने जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करना और आगामी परीक्षाओं में प्रदर्शन सुधारना बड़ी चुनौती होगी। शासन की ओर से शिक्षा के स्तर में सुधार और प्रशासनिक कसावट को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *