सड़क हादसा: कार, बाइक और बस की टक्कर में 6 की मौत, एक ही परिवार के 5 लोग शामिल

जलगांव (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर तहसील में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अमलनेर-धुले मार्ग पर मंगरुल गांव के पास होटल वृंदावन के समीप सुबह करीब 7 बजे हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल, कार और एसटी बस की आमने-सामने और पीछे से टक्कर हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजरात नंबर की एक कार सवार लोग एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए जलगांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल और राज्य परिवहन (ST) बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले कार ने मोटरसाइकिल और बस को टक्कर मारी, जिसके बाद मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही बस से जा टकराई। हादसे में कार सवार पांच लोगों और मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान व्यारा (गुजरात) निवासी आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनीता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन और सुरेश विक्रम महाजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन यह खुशी का सफर पलभर में मातम में बदल गया।

हादसे के दौरान कार में एक छोटा बच्चा भी फंस गया था, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच तेज कर दी है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *