सोनमर्ग (जम्मू-कश्मीर)। भारत ने रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। एशिया की सबसे लंबी जोजिला टनल में मंगलवार को ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू ब्लास्ट सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग पहुंचे और एक बटन दबाकर सुरंग के दोनों छोरों को जोड़ने की प्रक्रिया को पूरा किया।
13.153 किलोमीटर लंबी यह जोजिला टनल श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर स्थित है और इसके पूरा होने के बाद कश्मीर घाटी और लद्दाख के बीच सालभर निर्बाध सड़क संपर्क सुनिश्चित होगा। अभी तक भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण सर्दियों में यह मार्ग 3 से 4 महीने तक बंद हो जाता था, जिससे लद्दाख देश के बाकी हिस्सों से कट जाता है।
सुरंग के शुरू होने के बाद लेह तक का सफर जो पहले 1 से 1.5 घंटे का होता था, वह घटकर लगभग 15 मिनट रह जाएगा। यह टनल 11,500 फीट से अधिक ऊंचाई पर बनाई जा रही है और इसे दुनिया की सबसे लंबी सिंगल-ट्यूब, बाई-डायरेक्शनल सुरंगों में से एक माना जा रहा है।
परियोजना के तहत मुख्य सुरंग के समानांतर 14.15 किलोमीटर लंबी एक एस्केप टनल भी बनाई गई है, और दोनों सुरंगों को हर 500 मीटर पर क्रॉस-पैसेज से जोड़ा गया है ताकि आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित हो सके।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई थी। शुरुआत में इसकी लागत लगभग 6,800 करोड़ रुपये थी और इसे 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण की जिम्मेदारी मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (MEIL) को दी गई है।
इस परियोजना में भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा लगभग 31,000 टन विशेष स्टील की आपूर्ति की गई है, जिसका उपयोग टनल की संरचनात्मक मजबूती में किया गया है। सुरंग की चौड़ाई लगभग 10 मीटर और ऊंचाई 7.5 मीटर है, जिससे बड़े वाहनों का आवागमन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से संभव होगा।
रणनीतिक दृष्टि से भी यह टनल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके शुरू होने के बाद भारतीय सेना को लद्दाख और सियाचिन तक भारी हथियार, टैंक और रसद पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे सुरक्षा और आपूर्ति तंत्र और मजबूत होगा।
जोजिला टनल पूरी तरह चालू होने के बाद न केवल कश्मीर और लद्दाख की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा, बल्कि यह क्षेत्रीय विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए एक गेमचेंजर साबित होगी।