नेहा कक्कड़ 38वें जन्मदिन पर खास: संघर्ष से सुपरस्टारडम तक का सफर, आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन

मुंबई। बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका नेहा कक्कड़ आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी दमदार आवाज और सुपरहिट गीतों के दम पर लाखों दिलों पर राज करने वाली नेहा का सफर संघर्ष, मेहनत और सफलता की प्रेरणादायक कहानी है। कभी माता के जागरण में भजन गाने वाली नेहा आज देश की सबसे सफल और चर्चित सिंगर्स में गिनी जाती हैं।

उत्तराखंड के ऋषिकेश में जन्मीं नेहा कक्कड़ ने बेहद साधारण परिवार से निकलकर संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। बचपन में वह अपनी बहन सोनू कक्कड़ के साथ जागरणों में गाया करती थीं। बाद में परिवार दिल्ली आ गया, जहां उन्होंने पढ़ाई के साथ संगीत का अभ्यास जारी रखा। करियर की शुरुआत उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल 2 से की थी। भले ही वह प्रतियोगिता नहीं जीत सकीं, लेकिन बाद में इसी शो में जज बनकर लौटीं।

आज नेहा कक्कड़ करोड़ों रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं और शानदार लाइफस्टाइल जीती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है। फिल्मों में गाने, लाइव कॉन्सर्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट उनकी आय के प्रमुख स्रोत हैं। बताया जाता है कि वह एक लाइव शो के लिए लाखों रुपये फीस लेती हैं।

नेहा के पास मुंबई में आलीशान घर के साथ कई लग्जरी कारें भी हैं। उनके कार कलेक्शन में ऑडी, मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्ल्यू जैसी प्रीमियम गाड़ियां शामिल हैं। संगीत जगत में उनकी सफलता ने उन्हें देश की सबसे अधिक फीस लेने वाली महिला गायिकाओं में शामिल कर दिया है।

अपने करियर में नेहा ने कई सुपरहिट गाने दिए हैं। काला चश्मा, कर गई चुल, मिले हो तुम हमको, माही वे, मैं तेरा बॉयफ्रेंड, बदरी की दुल्हनिया और सेकंड हैंड जवानी जैसे गीत आज भी श्रोताओं की पसंद बने हुए हैं।

संघर्ष से सफलता तक का नेहा कक्कड़ का सफर लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो यह साबित करता है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *