दिल्ली में बड़ा हादसा: सिलेंडर धमाके के बाद गिरी बिल्डिंग, राहत-बचाव जारी

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक इमारत ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने मलबे से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि इमारत कुछ ही पलों में जमींदोज हो गई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों, पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियों की टीम मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई है। सर्च ऑपरेशन के लिए भारी मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक हादसे में अब तक छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है।

जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ उसका उपयोग बर्तन पॉलिशिंग के काम के लिए किया जाता था। घटना के समय भवन में कई लोगों के मौजूद होने की आशंका है। इसी वजह से बचाव अभियान तेज कर दिया गया है और पूरे मलबे की सघन तलाशी ली जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमाके के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *