रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना आईपीओ (Initial Public Offering) लाने की तैयारी में है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और आईपीओ सफल रहने की स्थिति में यह छत्तीसगढ़ की पहली सरकारी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयर शेयर बाजार में कारोबार के लिए उपलब्ध होंगे।
सूत्रों के अनुसार, कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा सार्वजनिक रूप से जारी करने पर विचार कर रही है। इस संबंध में कंपनी और शासन स्तर पर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है। आईपीओ के जरिए जुटाई गई पूंजी का उपयोग कंपनी के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में किया जा सकता है।
आईपीओ के बाद कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे, जिससे निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों के मूल्य में उतार-चढ़ाव होगा और इससे कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी निर्धारित होगा। सूचीबद्ध होने से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ निवेशकों का व्यापक आधार भी प्राप्त होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, लेकिन उसके शेयरों में नियमित कारोबार नहीं होता। कंपनी ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी।
सीएसपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां और केंद्र सरकार की ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियां पहले से ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के आईपीओ को लेकर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है और यह शासन स्तर पर निर्णय का विषय है।
यदि यह योजना अमल में आती है तो राज्य के निवेशकों को पहली बार किसी छत्तीसगढ़ी सरकारी कंपनी में सीधे निवेश करने का अवसर मिलेगा। साथ ही कंपनी को भविष्य की परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने में भी मदद मिलेगी।