CM रेखा गुप्ता की ‘लग्जरी चेयर’ पर छिड़ी सियासत, सोशल मीडिया पर केजरीवाल के ‘शीशमहल’ से तुलना

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की एक तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर नई राजनीतिक बहस छिड़ गई है। अभिनेता राकेश बेदी से मुलाकात के दौरान साझा की गई तस्वीर में मुख्यमंत्री जिस लग्जरी कुर्सी पर बैठी नजर आईं, उसे लेकर विपक्ष और सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

दरअसल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 25 मई को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर अभिनेता राकेश बेदी के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की थी। तस्वीर वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने दावा किया कि सीएम जिस कुर्सी पर बैठी हैं, वह रेड ओक कंपनी की ‘इम्पीरियो’ एग्जीक्यूटिव चेयर है, जिसकी कीमत करीब 66 हजार से 82 हजार रुपये तक बताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल दावों के मुताबिक इस कुर्सी में इलेक्ट्रॉनिक मसाज फीचर, रिक्लाइन सिस्टम, ऑटोमैटिक फुटरेस्ट, हाई-डेंसिटी कुशनिंग और प्रीमियम लेदर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने भी तस्वीर शेयर करते हुए सवाल किया कि आखिर इस कुर्सी की कीमत कितनी है।

सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने इसे सरकारी खर्च और जनता के टैक्स के पैसे से जोड़कर सवाल उठाए, जबकि कई लोगों ने इसे सामान्य ऑफिस फर्नीचर बताते हुए विवाद को बेवजह बताया।

भाजपा समर्थकों ने मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए इस विवाद की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कथित ‘शीशमहल’ विवाद से की। कुछ यूजर्स ने लिखा कि मुख्यमंत्री के लिए 60-70 हजार रुपये की कुर्सी कोई बड़ी बात नहीं है, जबकि अन्य ने तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल के सरकारी आवास के खर्च के मुकाबले यह मामला बेहद छोटा है।

वहीं कुछ लोगों ने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के मुद्दों से ध्यान हटाकर राजनीति अब सोशल मीडिया बहस तक सीमित हो गई है। फिलहाल यह तस्वीर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और सोशल मीडिया ट्रेंड का हिस्सा बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *