DDA के नोटिस से दिल्ली के 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लबों में हड़कंप, खिलाड़ियों के भविष्य पर मंडराया संकट

नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास संचालित 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया है। डीडीए ने क्लब संचालकों को तय समय सीमा के भीतर जमीन खाली करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं होने पर बलपूर्वक कार्रवाई की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद खिलाड़ियों और क्लब संचालकों में चिंता का माहौल है।

दिल्ली रोइंग एसोसिएशन के अनुसार जिन क्लबों को नोटिस मिला है, उनमें वसुंधरा रोइंग क्लब, बीएसएफ सेंटर वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब, वजीराबाद वाटर स्पोर्ट्स क्लब और दिल्ली रोइंग नोड शामिल हैं। एसोसिएशन का कहना है कि ये क्लब वर्षों से रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग जैसे खेलों के प्रशिक्षण का केंद्र रहे हैं और दिल्ली-एनसीआर में इस तरह की सुविधाएं बेहद सीमित हैं।

DDA ने 21 मई को जारी नोटिस में कहा कि सोनिया विहार WTP के पास स्थित जमीन सरकारी उपयोग के लिए निर्धारित है और वहां बनाए गए अस्थायी ढांचे अवैध हैं। नोटिस में क्लबों को तीन दिन के भीतर जमीन खाली करने को कहा गया था। हालांकि मंगलवार तक किसी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं हुई थी।

इस बीच दिल्ली रोइंग एसोसिएशन ने दावा किया है कि दो क्लबों की बिजली सप्लाई भी काट दी गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष जय करण चौधरी ने कहा कि इन क्लबों के बंद होने से सैकड़ों खिलाड़ियों का प्रशिक्षण प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि यहां ट्रेनिंग लेने वाले कई खिलाड़ी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और उनके पास अभ्यास के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

एसोसिएशन ने DDA की कार्रवाई को निराशाजनक बताते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार ‘खेलो इंडिया’ अभियान के जरिए खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर वाटर स्पोर्ट्स के लिए तैयार बुनियादी ढांचे को हटाया जा रहा है। खिलाड़ियों और क्लब संचालकों ने सरकार से मामले में पुनर्विचार की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *