मुंगेली के गुरुदयाल जांगड़े ने रचा इतिहास, IFS परीक्षा में हासिल की 105वीं रैंक

मुंगेली। जिले के ग्राम पलानसरी के युवा गुरुदयाल जांगड़े ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

आईएफएस परीक्षा में चयन होने के बाद विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार और डीएफओ अभिनव कुमार स्वयं गुरुदयाल के घर पहुंचे और उन्हें तथा उनके माता-पिता को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। गुरुदयाल, ग्राम पलानसरी निवासी सचिव काशीराम जांगड़े के पुत्र हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन मेहनत और निरंतर प्रयास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने गांव में विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा भी की। विधायक ने कहा कि गुरुदयाल की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि जिले के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता हासिल करना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत, अनुशासन व धैर्य ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने बालिका शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया।

डीएफओ अभिनव कुमार ने कहा कि इंडियन फॉरेस्ट सर्विस केवल एक नौकरी नहीं बल्कि पर्यावरण, समाज और राष्ट्र सेवा का बड़ा दायित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुरुदयाल प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

गुरुदयाल जांगड़े ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 में कॉलेज से पढ़ाई पूरी की थी और छह प्रयासों के बाद उन्हें यह सफलता मिली। चार बार वे इंटरव्यू तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हर असफलता से सीख लेकर उन्होंने अपनी रणनीति बदली और लगातार मेहनत जारी रखी।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “अपनी गलतियों से सीखना चाहिए और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, धैर्य और कंसिस्टेंसी बनाए रखनी चाहिए।” गुरुदयाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *