रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर गड़बड़ी पाए जाने पर भखारा स्थित मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं कई अन्य निजी और सहकारी उर्वरक विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कृषि विभाग की टीम ने धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंड में सहकारी एवं निजी खाद दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लक्ष्मी ट्रेडर्स भखारा में निर्धारित मात्रा से अधिक उर्वरक बिक्री और भूमिहीन व्यक्ति को खाद बेचने की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग ने दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
इसके अलावा मेसर्स काप केयर एंड ट्रेडिंग झिरिया, पारस कृषि केंद्र सोनामगर, कर्मा ट्रेडर्स सेमरा, कृष्णा फर्टिलाइजर कुरूद और राज कृषि केंद्र नगरी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग जिलेभर में उर्वरक बिक्री और भंडारण पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें और बिल जरूर लें। साथ ही डीएपी के विकल्प के रूप में अन्य अनुशंसित उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली और अनियमित बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*********************