स्थानीय चुनाव की तस्वीर साफ: नगरीय निकायों में 240 तो पंचायत चुनाव में 392 उम्मीदवार मैदान में

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्थानीय आम और उप निर्वाचन मई 2026 को लेकर तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन जांच, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। आयोग के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव में 240 और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में 392 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच पद के लिए कुल 1136 सीटें निर्धारित थीं। इनमें 385 सीटों पर कोई नामांकन नहीं मिला, जबकि 4 नामांकन निरस्त कर दिए गए। 640 पंच निर्विरोध चुने गए हैं और अब 107 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इन सीटों के लिए कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं।

वहीं सरपंच पद के 82 स्थानों में से 30 पर नामांकन दाखिल नहीं हुए, जबकि 3 नामांकन निरस्त किए गए। 15 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं और अब 34 पदों के लिए मतदान होगा, जहां 105 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जनपद सदस्य के 10 पदों पर भी चुनाव होगा, जिनके लिए कुल 41 प्रत्याशी मैदान में हैं।

नगरीय निकाय चुनाव की बात करें तो पार्षद पद के 71 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। इन सीटों पर कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं अध्यक्ष पद के 5 स्थानों के लिए 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन पदों पर न तो कोई नामांकन निरस्त हुआ और न ही कोई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।

राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव EVM के जरिए और पंचायत चुनाव बैलेट बॉक्स से कराए जाएंगे। मतदान मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) 29 मई से शुरू होगी, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *