RR vs LSG: राजस्थान ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी चुनी; प्लेऑफ की उम्मीदों पर टिकी नजर

जयपुर | आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR)  और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)  आमने-सामने हैं। जयपुर के  सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

राजस्थान के नियमित कप्तान  रियान पराग चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में टीम की कमान  यशस्वी जायसवाल संभाल रहे हैं। वहीं लखनऊ के कप्तान  ऋषभ पंत ने बताया कि टीम में दो बदलाव किए गए हैं।  ऐडन मार्करम  निजी कारणों से टीम से बाहर हैं, जबकि  मोहम्मद शमी  भी नहीं खेल रहे। उनकी जगह  मोहसिन खान और  आयुष बदोनी  को मौका मिला है।

राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। टीम फिलहाल 12 अंकों के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर है और प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम राजस्थान का समीकरण बिगाड़ने के इरादे से मैदान में उतरी है।

पिच रिपोर्ट की बात करें तो जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम रन चेज करने वाली टीमों के लिए बेहतर माना जाता है। यहां अब तक खेले गए 67 आईपीएल मुकाबलों में 43 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीते हैं। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। पहली पारी का औसत स्कोर 168 रन है, लेकिन मौजूदा टी20 क्रिकेट में 200+ स्कोर को सुरक्षित माना जा रहा है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में राजस्थान का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें राजस्थान ने 5 मैच जीते हैं, जबकि लखनऊ को सिर्फ 2 जीत मिली हैं।

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग-11:
यशस्वी जायसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11:
मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *