मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर रिलीज, इम्तियाज अली फिर लाए प्यार और बंटवारे की भावुक कहानी

मुंबई | डायरेक्टर इम्तियाज अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ (Main Vapas Aunga) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म में  दिलजीत दोसांझ ,  शरवरी वाघ ,  वेदांग रैना  और दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर की शुरुआत एक भावुक माहौल से होती है, जहां दिलजीत दोसांझ का किरदार अपने दादाजी की अधूरी यादों और पुराने रिश्तों को तलाशता दिखाई देता है। कहानी धीरे-धीरे भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौर से जुड़ी भावनाओं और बिछड़ने के दर्द तक पहुंचती है।

ट्रेलर में वेदांग रैना और शरवरी वाघ की प्रेम कहानी भी दिखाई गई है, जिसमें प्यार, जुदाई और यादों का दर्द साफ महसूस होता है। कई दर्शकों को ट्रेलर में इम्तियाज अली की फिल्म ‘लव आजकल’ की झलक भी देखने को मिली, हालांकि इस बार कहानी में एक अलग और गहरा भावनात्मक ट्विस्ट नजर आ रहा है।

नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ के संवाद ट्रेलर की सबसे मजबूत कड़ी माने जा रहे हैं। दोनों कलाकारों की स्क्रीन प्रेजेंस और भावनात्मक अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।

फिल्म का संगीत भी इसकी बड़ी खासियत माना जा रहा है। म्यूजिक की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान  ने संभाली है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। इम्तियाज अली और ए.आर. रहमान की जोड़ी पहले भी कई यादगार गीत दे चुकी है और इस फिल्म से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ और इम्तियाज अली इससे पहले फिल्म  ‘अमर सिंह चमकीला’ में साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। अब दोनों की यह नई फिल्म बड़े पर्दे पर भावनाओं और संगीत का नया जादू बिखेरने के लिए तैयार है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *